बैजरो/कोटद्वार। बीरोंखाल ब्लॉक में हुई वाहन दुर्घटना में इंटर कॉलेज सुंदरनगर के चार छात्रों के घर पहुंचने की जल्दी उनकी जान पर बन आई। दुर्घटना में एक छात्र को गंभीर चोटें आई हैं और वह परिवार का इकलौता चिराग है। तीन अन्य छात्रों को भी काफी चोटें आई हैं। जिन्हें हायर सेंटर रामनगर के लिए रेफर कर दिया गया है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि दुर्घटना में घायल जीआईसी सुंदरनगर के कक्षा-6 का छात्र आयुष अपने घर का इकलौता बेटा है। दुर्घटना के दौरान जब वाहन अनियंत्रित हुआ तो अन्य तीन छात्र तो ऊपर से ही छिटक गए। जबकि आयुष वाहन के साथ खाई में काफी नीचे चला गया। इस दौरान झटका लगने से वह बाहर से वाहन के भीतर जा घुसा और वाहन के भीतर पहले से मौजूद भैंस के नीचे दब गया। जिससे उसके सिर और कमर पर गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत ही हायर सेंटर रामनगर के लिए रेफर कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि बीरोंखाल अस्पताल में सिटी स्कैन समेत अन्य सुविधाएं न होने से उन्हें हायर सेंटर भेजना पड़ा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन बदहवास हालत में ही घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। नवीं कक्षा में पढ़ रहे जुड़वा भाई अनुराग और आदित्य नेगी के साथ ही सानू सजवाण को भी काफी चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय से गांव की दूरी महज चार किमी है। अन्य दिनों में सभी छात्र पैदल ही विद्यालय आवाजाही करते थे, लेकिन मंगलवार को घर पहुंचने की जल्दी उनकी जान को भारी पड़ गई। कहा कि गांव से ढाई किमी पहले उन्हें वाहन मिला था, जिस पर चारों छात्र उसमें लटक गए और आधा किमी आगे जाते ही रणीहाट गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। परिजन समेत पूरे गांव के लोग चारों घायल छात्रों की कुशलता की कामना कर रहे हैं।
.