एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने उठाई मांग, डीएम पौड़ी को भेजा ज्ञापन
कोटद्वार। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) पेपर लीक मामले पर रोष जताते हुए परीक्षा में हुई अनियमितता की निष्पक्ष जांच एवं दोबारा परीक्षा कराने की मांग की है।
बुधवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी उमेश चंद्र पांथरी के माध्यम से जिलाधिकारी पौड़ी को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा कि सभी छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक नीट यूजी परीक्षा में हुई अनियमितताओं, पेपर लीक एवं परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी को लेकर काफी चिंतित हैं और उनमें रोष व्याप्त है।
कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में नीट यूजी परीक्षा में हुई अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने, छात्र हित में परीक्षा पुन: कराने, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सख्त व्यवस्था लागू करने की मांग की। ज्ञापन भेजने वालों में एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवम भूषण, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल, मंदीप सिंह, सौरभ रावत, आशीष बछवाण, अनुज रावत आदि शामिल रहे।