उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी राष्ट्रीय मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष डा. शक्तिशैल कपरवाण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई। कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड के मैदानी जिलों में 500 बेड और पहाड़ी जिलों में 250 बेड की क्षमता वाले अत्याधुनिक संसाधन संपन्न अस्पतालों का निर्माण किए जाने की आवश्यकता है।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी राष्ट्रीय मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष डा. कपरवाण ने कहा कि प्रधानमंत्री उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों से परिचित हैं। राज्य गठन के बीस साल बाद भी राज्य में बुनियादी सुविधाओं के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने की दिशा में कभी गंभीरता से काम नहीं हुआ। कहा कि पहाड़ी क्षेत्र में स्वास्थ्यगत ढांचा विकसित करने के लिए 5 वर्षों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये राज्य को दिए जाने चाहिए। कहा कि राज्य के हर जिला व ब्लाक स्तर पर सामुदायिक, प्राथमिक और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आईसीयू, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड की सुविधाएं उपलब्ध कराने, कोरोना जांच के लिए मोबाइल टेस्टिंग लैब भेजने, सीमांत जनपद चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के बॉर्डर क्षेत्रों में रक्षा मंत्रालय की ओर से जन स्वास्थ्य की रक्षा के लिए संसाधनयुक्त बड़े अस्पताल बनाने की जरूरत है।