तहसील लैंसडौन के ल्वींठा गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पत्नी ने ल्वींठा गांव की एक महिला, उसके बेटे और बेटी समेत चार के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। राजस्व पुलिस मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रही है।
राजस्व उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दो अक्तूबर को जलेथा निवासी रघुवीर (40) शादी में शामिल होने ग्राम ल्वींठा गया हुआ था। शादी समारोह खत्म होने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। जब कुछ पता नहीं चला तो उसकी पत्नी पीठा देवी ने पांच अक्तूबर को राजस्व पुलिस में पति की गुमशुदगी दर्ज करवा दी। मृतक की पत्नी ने बताया कि ल्वींठा गांव में शादी के दौरान कुछ लोगों ने उसके पति रघुवीर सिंह के साथ मारपीट की थी।
आशंका जताई कि उन्होंने ही उसे मारकर कहीं डाल दिया है। राजस्व पुलिस लापता चल रहे रघुवीर सिंह की जोरशोर से खोजबीन कर रही थी कि सात अक्तूबर की सुबह आसपास के ग्रामीणों को रघुवीर का शव ल्वींठा गांव के पास खाई में पड़ा मिला। राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका कोटद्वार में पोस्टमार्टम करवाया। राजस्व पुलिस ने अनुसार मृतक रघुवीर की पत्नी ने ग्राम ल्वींठा निवासी निर्मला देवी पत्नी वेदप्रकाश और उसके पुत्र चंद्रपाल सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। राजस्व पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।