कोटद्वार। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के साथ जनपद के विभिन्न स्थानों में मानकों के विपरीत संचालित पैथोलॉजी लैब के लाइसेंस रद्द करने की मांग राज्य सरकार से की है। संचालक गलत रिपोर्ट देकर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने पर उतारू हैं।
मंगलवार को महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत की अगुवाई में इस संबंध में एसडीएम संदीप कुमार के माध्यम से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव को ज्ञापन भेजा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में कहा कि देवी रोड स्थित माही पैथोलॉजी लैब द्वारा एक बच्चे की खून की जांच रिपोर्ट पूरी तरह फर्जी बनाई गई जिससे बच्चे की जान को खतरा हो सकता था।
उन्होंने कहा कि जनपद के विभिन्न नगरों में बिना प्रशिक्षण प्राप्त तकनीशियन और पैथॉलाजिस्ट के अभाव में लैब संचालित हो रही हैं जिससे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ज्ञापन में उन्होंने माही पैथोलॉजी लैब समेत जनपद में तकनीशियन के अभाव में संचालित हो रही अन्य लैबों के लाइसेंस रद्द करने के साथ ही मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में सुरेंद्र सिंह गुसाईं, नरेंद्र सिंह नेगी, चंद्रमोहन सिंह, भीमेंद्र सिंह, मनोज रावत, लक्ष्मी चौहान, जावेद, अमन नेगी आदि शामिल रहे। संवाद