नगर निगम की ओर से तेलीसोत पुल के पास बनवाया गया यात्री प्रतीक्षालय
कण्वघाटी/कोटद्वार। हरिद्वार मार्ग पर अब यात्रियों को धूप और बारिश में वाहनों के इंतजार करने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। नगर निगम ने नवनिर्मित तेलीसोत पुल के पास यात्रियाें के लिए प्रतीक्षालय का निर्माण करवाया है। यात्री प्रतीक्षालय बनने से क्षेत्रवासियों को सहूलियत मिलेगी। यहां से क्षेत्रवासी हरिद्वार और कोटद्वार आने जाने के लिए छोटे बडे़ वाहन पकड़ते हैं।
वार्ड नंबर 38 के पार्षद रजनीश बेबनी ने बताया कि हल्दूखाता के बाद भाबर रोड पर दूसरा यात्री प्रतीक्षालय बनवाया गया है। लंबे समय से यहां पर यात्री प्रतीक्षालय की आवश्यकता महसूस हो रही थी। प्रतीक्षालय बनने के बाद लोगों को तेज धूप, गर्मी और बारिश से राहत मिलेगी। इस मार्ग से लोग हरिद्वार जाने के लिए जीएमओयू की बस पकड़ते हैं।
गर्मी और बारिश के सीजन में उन्हें बस की इंतजार के लिए परेशान होना पड़ रहा था। पार्षद ने बताया कि तेलीसोत पुल के निचले हिस्से में प्रतीक्षालय के पास एक पार्क के निर्माण का प्रस्ताव भी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।