कोटद्वार। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कोटद्वार महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव के प्रत्याशियों को गुंडागर्दी और हुड़दंग करने पर सीधा मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब तक हुए सभी घटनाक्रमों की वीडियोग्राफी कराई जा चुकी है। चुनाव तक हर गतिविधि उनके कैमरे में कैद होगी। चुनाव के नाम पर गुंडागर्दी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंगलवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में एक सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर स्थानीय प्रशासन और कालेज प्रशासन की प्रत्याशियों के साथ कालेज परिसर में बैठक हुई। इसमें एसडीएम जीआर बिनवाल ने कहा कि पिछले साल की बैठक में तय बातों का पालन नहीं किया गया था। बीते साल पूरे शहर में कतिपय छात्रों ने चुनाव के नाम पर गुंडागर्दी और अराजकता का माहौल बना रखा था, लेकिन इस बार जरा भी ढील नहीं दी जाएगी।
एएसपी सरिता डोबाल ने भी कहा कि छात्रसंघ चुनाव में नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्र बख्शे नहीं जाएंगे। चुनाव के समय कालेज के मेन गेट के 200 मीटर के दायरे में कोई भी छात्र खड़ा नहीं होगा। फर्जी आईकार्ड बनाकर कोई भी वोट डालने का प्रयास न करे, पकड़े जाने पर उस छात्र और उसके सहयोगी पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बिना अनुमति के विजय जुलूस नहीं निकलेगा, गुंडागर्दी और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जेल भेजा जाएगा।
कोतवाल जसवीर सिंह पुंडीर ने कहा कि यह सभी छात्रों के लिए अंतिम चेतावनी है। अब सीधे कार्रवाई होगी। कहीं भी शराब की पार्टी हुई तो वहां छापा मारा जाएगा और मुकदमा दर्ज किया जाएगा। कालेज के प्राचार्य डा. एमएस रौतेला ने भी सभी प्रत्याशियों से अनुशासन बनाए रखने और शांतिपूर्ण छात्रसंघ चुनाव संपन्न कराने की अपील की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. डीएम शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय में 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें से एक से चार नंबर तक के केंद्र छात्राओं के लिए आरक्षित होंगे। उन्होंने प्रत्याशियों से चुनाव के बाद खर्चे का ब्यौरा देने को कहा। ऐसा न होने अथवा सीमा से अधिक खर्चा पाए जाने पर नामांकन रद्द करने की चेतावनी दी है।