कोटद्वार। व्यापार मंडल के प्रांतीय आह्वान पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन स्थगित कर रेलवे स्टेशन के बाहर बनीं खोखानुमा दुकानें बुधवार सुबह खुल जाएंगी। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष की ओर से मुख्यमंत्री से सकारात्मक बातचीत के बाद कारोबारियों के साथ कुछ भी अनुचित नहीं होने देने का आश्वासन दिया है।
रेलवे स्टेशन के नए भवन का निर्माण होने पर प्रवेश व निकास द्वार खुलवाने के लिए किए गए सर्वे में रेलवे स्टेशन के बाहर बनीं खोखानुमा दुकानें अतिक्रमण में दायरें में मिली थीं। लोक निर्माण विभाग की ओर से संबंधित कारोबारियों को 18 अगस्त तक अपनी दुकानें हटा लेने का नोटिस जारी किया गया था। कारोबारियों ने नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के बैनर तले 19 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। इस बीच शहर में आक्रोश रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया था।
दो दिन पूर्व संगठन के प्रांतीय महामंत्री और कोषाध्यक्ष ने कारोबारियों के बीच पहुंचकर पूरे उत्तराखंड के कारोबारियों के उनके साथ खड़े होने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि इस मुद्दे को लेकर प्रदेश अध्यक्ष मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष को मुख्यमंत्री ने कारोबारियों के साथ कुछ भी अनुचित नहीं होने का आश्वासन दिया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि रेलवे स्टेशन के गेट खुलवाने के लिए खोखानुमा दुकानों को एडजस्ट करने के बिंदू को लेकर जल्दी ही डीआरएम मुरादाबाद से मुलाकात की जाएगी। नगर महामंत्री नवीन गोयल ने भी इसकी पुष्टि की।