प्रधानाचार्य की सूझबूझ से बचा बड़ा हादसा, पिरुल हटाने के साथ पानी डाला
वन पंचायत धरासू के जंगल में दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैली है आग
कोटद्वार। गढ़वाल वन प्रभाग के पश्चिमी अमेली रेंज के दमदेवल क्षेत्र के अंतर्गत वन पंचायत धरासू के चीड़ के जंगल में लगी आग एकेश्वर ब्लॉक के इंटर कॉलेज सुरखेत तक पहुंच गई। प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी की सूझबूझ से काॅलेज को अग्निकांड की भेंट चढ़ने से बचा लिया गया।
इंटर कॉलेज सुरखेत के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैले विद्यालय के चारों ओर वन पंचायत धरासू का जंगल है। शनिवार दोपहर तीन बजे के करीब चीड़ के जंगल में लगी आग देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आग विद्यालय के चारों ओर फैल गई। प्रधानाचार्य ने साहस दिखाते हुए कई जगहों पर क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार से पिरुल को हटाकर और पानी डाला और आग को स्कूल परिसर में पहुंचने से रोका। उन्होंने विद्यालय की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया। वहीं, सूचना पर पश्चिमी अमेली रेंज दमदेवल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रधानाचार्य ने बताया कि उनके प्रयासों से एनएसएस, यूथ एवं ईको क्लब, विज्ञान चेतना केंद्र के छात्र -छात्राओं ने गत 20-25 वर्षों से हर साल पौधरोपण अभियान चलाकर बांज, शीशम, देवदार, बाटल ब्रश, तुन के पेड़ों की वाटिका, विभिन्न प्रजाति के फलदार पौधों की अमृत उद्यान वाटिका, केले के पौधों की गंगा उद्यान वाटिका, फूल-पौधों और बेल लताओं से सुसज्जित स्वामी विवेकानंद राष्ट्रीय सेवा योजना पार्क तैयार कर विद्यालय को ईको हब के रूप में विकसित किया है। आग बुझाने में वन दारोगा आशीष बलोधी, वन आरक्षी मुकेश, परमेंद्र, फायर वाचर पूरण सिंह, प्रदीप, हरेंद्र और शिवपाल सिंह ने सहयोग किया।