दुगड्डा (कोटद्वार)। लैंसडौन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज में स्थित आजाद स्मृति पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यहां से झाड़ियों और जमा जैविक-अजैविक कचरे की सफाई कर निस्तारण किया गया।
दुगड्डा रेंज के रिवाली कक्ष में स्थित आजाद स्मृति पार्क में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा, स्मृति वृक्ष और क्रांतिकारी भवानी सिंह रावत की समाधि स्थापित है। इस बार वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के दौरान वन विभाग की ओर से यहां विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। रेंज अधिकारी रमेशचंद्र सिंह नेगी ने बताया कि आठ अक्तूबर को क्रांतिकारी भवानी सिंह रावत की जयंती पर पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। स्वच्छता अभियान में ग्राम प्रधान सिमलचौड़ रजनी देवी, महिला मंगल दल की राजेश्वरी देवी, कमला देवी, पार्वती देवी और शांति देवी समेत अनुभाग अधिकारी महिपाल सिंह नेगी, वन बीट अधिकारी कैलाश राणा मौजूद रहे। संवाद