कोटद्वार। गिवईं सोत के नदी क्षेत्र से कोटद्वार शहर की ओर बढ़ रहे हाथी को वन कर्मियों ने समय रहते वापस जंगल की ओर लौटा दिया।
शनिवार शाम बदरीनाथ मार्ग पर बुद्धा पार्क से चंद कदम के फासले पर गिवईं सोत के पुल के नीचे नदी क्षेत्र में एक हाथी काफी समय से चहलकदमी कर रहा था। सड़क पर आकर हाथी शहर की ओर बढ़ने लगा। सूचना मिलते ही वन कर्मी मौके पर पहुंचे और शोरशराबा कर हाथी को वापस जंगल की ओर लौटाया। जिस स्थान पर हाथी को रोका गया, उसके आसपास कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान, शासकीय कार्यालय और सार्वजनिक स्थल हैं। जहां दिन भर लोगों की आवाजाही रहती है। इसके अलावा मार्ग से हर समय छोटे-बड़े वाहनों और पैदल राहगीरों की आवाजाही रहती है। संवाद