नैनीडांडा-शंकरपुर मार्ग पर एक पिकअप वाहन क्यार्की गांव के समीप अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शव को खाई से निकाला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पिकअप वाहन हल्दूखाल से रामनगर की ओर जा रहा था। हादसे का कारण खस्ताहाल सड़क को माना जा रहा है।
धुमाकोट के थानाध्यक्ष दीपक तिवारी ने बताया कि रविवार देर शाम हल्दूखाल से नैनीडांडा शंकरपुर होते हुए रामनगर जा रहा एक पिकअप वाहन प्राथमिक विद्यालय क्यार्की के निकट अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। वाहन के गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना पर धुमाकोट थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और शव को खाई से निकाला। शव की शिनाख्त वाहन चालक उमेश उर्फ बंटी (30) पुत्र मनमोहन सिंह ग्राम कांडा नाला रिखणीखाल हाल निवास पीरूमदारा, रामनगर के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि उमेश रामनगर से प्रतिदिन धुमाकोट और नैनीडांडा क्षेत्र में सब्जियां सप्लाई करता था। सड़क सिंगल लेन होने के साथ ही खस्ताहालत में है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण खस्ताहाल सड़क माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।