श्रीनगर। छात्र राजनीति से ठेकेदारी प्रथा का समाप्त करना ही हमारा उद्देश्य है। हम छात्रों को यह संदेश देना चाहते थे कि बिना धन बल के भी छात्रसंघ चुनाव जीता जा सकता है और हम अपने उद्देश्य में सफल हुए। यह बातें बिड़ला परिसर छात्र संघ की पदाधिकारियों (छात्राओं) ने शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कहीं।
बिड़ला परिसर स्थित सीनेट हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नव निर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एसएस रावत ने शपथ दिलाई। इस दौरान प्रो. रावत ने पूरे चुनाव की समीक्षा भी रखी। विवि के ओएसडी प्रो. डीएस नेगी ने सभी को शुभकामनांए दीं व विवि के विकास में भागीदार बनने की बात कही। नव निर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष अंकुर रावत ने कहा कि उनका उद्देश्य विवि में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करना है। छात्रों को अपनी प्रतिभाओं को निखारने के लिए विवि में बेहतर मंच मिले इसके लिए वह हमेशा संघर्षरत रहेंगे। सचिव शीला शर्मा, सहसचिव कुसुम पांडे, छात्रा प्रतिनिधि शिवानी पांडे ने कहा कि उनका उद्देश्य छात्र राजनीति से ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करना है। उपाध्यक्ष सुजीत गैरोला ने कहा कि वह छात्रों की मूलभूत समस्याओं के लिए संघर्ष करते रहेंगे। कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण व मनीष डानिया ने भी छात्रों के लिए संघर्ष करने की बात कही। शपथ ग्रहण समारोह में डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी, प्रो. एमएम सेमवाल, प्रो. आरसी भट्ट, डा. वाई एस फरस्वाण, डा. दीपक कुमार, डा. शकुंतला रावत आदि मौजूद थे।
समारोह में नहीं पहुंचे नवनिर्वाचित विवि प्रतिनिधि
नव निर्वाचित विवि प्रतिनिधि कविंद्र नेगी शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंच पाए। बताया जा रहा है कि छात्र महासंघ चुनाव की तैयारियों को लेकर वह शहर से बाहर चले गए। वहीं मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एसएस रावत ने कहा कि कविंद्र को निर्वाचित घोषित किया गया है। उनके पहुंचने पर अन्य औपचारिकताएं भी पूरी कर ली जाएंगी।