फायर स्टेशन कोटद्वार का किया निरीक्षण, दमकल कर्मियों को चुस्त और उपकरणों को दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
कोटद्वार। मुख्य अग्निशमन अधिकारी पौड़ी ने फायर स्टेशन कोटद्वार का निरीक्षण किया। उन्होंने दीपावली को देखते हुए दमकल कर्मियों को संसाधनों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
शनिवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र सिंह खाती ने निरीक्षण के दौरान फायर टेंडर, वाटर बो-सर, फोम टेंडर, मिनी फायर टेंडर, रेस्क्यू वैन सहित सभी अग्निशमन वाहनों की कार्यक्षमता की जांच की। उन्होंने वाहन रखरखाव, फायर पंपों की स्थिति, पाइप लाइन प्रेशर, नोजल व फिटिंग्स, रेस्क्यू टूल्स के अंतर्गत हाइड्रोलिक कटर, स्ट्रेचर, लाइफ जैकेट, फर्स्ट एड किट को देखा। साथ ही रेस्क्यू उपकरणों के व्यावहारिक प्रदर्शन की परख की। उन्होंने स्टेशन परिसर, वाचरूम, फायर स्टेशन कार्यालय, मैस, स्टोर रूम, कंट्रोल रूम व स्टाफ रेस्ट रूम का भी निरीक्षण कर सफाई और अभिलेख अपडेट रखने के निर्देश दिए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने पुरुष ही नहीं महिला फायर कर्मियों को भी हर समय तत्पर रहने, संचार प्रणाली के अंतर्गत वायरलेस/टेलीफोनिक संचार को हमेशा सक्रिय रखने, स्टेशन परिसर में फायर सेफ्टी व आपदा प्रबंधन संबंधी चार्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने, नए कार्मिकों को समय-समय पर ऑन ड्यूटी ट्रेनिंग एवं उपकरण संचालन का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय कोटद्वार फायर स्टेशन प्रभारी समेत स्टाफ मौजूद रहा।