कोटद्वार। लोनिवि के मुख्य अभियंता स्तर-1 ओमप्रकाश ने बुधवार को जिले में विभिन्न मोटर मार्गों पर चल रहे पैच मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्व. जगमोहन सिंह नेगी स्टेट हाईवे-9, मोटर मार्ग के विभिन्न हिस्सों, नालीखाल-बनचूरी-नैल-कपोल काटल मार्ग और कोटद्वार शहर की सड़कों पर चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लिया।
मुख्य अभियंता ने एसएच-9 मोटर मार्ग के किमी 61 से 114 और किमी 115 से 125 तक गड्ढामुक्त अभियान के तहत किए जा रहे पैच मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। इसके अलावा नालीखाल-बनचूरी-नैल-कपोलकाटल मार्ग पर मरम्मत कार्यों की प्रगति भी परखी। कोटद्वार शहर में कौड़िया चौकी-मोटाढाक और चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पाखरो समेत विभिन्न सड़कों पर किए जा रहे पैच मरम्मत कार्यों का भी निरीक्षण किया गया।
मुख्य अभियंता ने शेष मार्गों पर मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पाखरो मोटर मार्ग पर चल रहे नवीनीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह, सहायक अभियंता कपिल कुमार, जेई जितेंद्र मौजूद रहे।