लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग निर्माण के लिए आंदोलित हैं लोग
कण्वघाटी/कोटद्वार। लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण संघर्ष समिति के बैनर तले लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण के लिए चिल्लरखाल में चल रहा आंदोलन बुधवार को 145वें दिन भी जारी रहा।
बुधवार को बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता ने धरनास्थल पर पहुंचकर सरकार की ओर से मार्ग निर्माण में की जा रही देरी के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द एलिवेटेड सड़क निर्माण की मांग की गई। उधर, यूकेडी के केंद्रीय प्रवक्ता राकेश ध्यानी भी धरना स्थल पर समर्थन देने पहुंचे।
राकेश ध्यानी ने कहा कि एक तरफ राज्य गठन की रजत जयंती मनाई गई। वहीं राज्य गठन के बाद का सबसे प्राथमिक कार्य लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग की सुध नहीं ली जा रही है। दोनों मंडलों को जोड़ने के साथ ही नैनीताल हाइकोर्ट और अस्थायी राजधानी देहरादून को जोड़ने वाला मार्ग भी है। इस मौके पर समिति के संयोजक प्रवीन थापा, रविंद्र सौंद, कृपाल सिंह, जगत सिंह नेगी, देवीदत्त, पीताबंर कपटियाल, मोहन जोशी, सुभाष त्यागी, गोवर्धन काला, देवेंद्र रावत, दीपा अधिकारी आदि मौजूद रहे।