कोटद्वार। कोतवाली पुलिस ने दिल्ली में फ्लैट दिलाने के नाम पर महिला से धोखाधड़ी के शातिर इनामी आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पांच माह से फरार चल रहा था। उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदलकर लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
कोतवाल रमेश तनवार ने बताया कि कोटद्वार निवासी अर्चना रानी ने 14 नवंबर, 2024 को कोतवाली पुलिस को मामले में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में विवेक चतुर्वेदी नाम के व्यक्ति ने उन्हें दिल्ली में फ्लैट दिलाने का सौदा कर 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। आरोपी ने अभी तक न तो फ्लैट दिलाया और न ही पैसा वापस कर रहा है।
पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने आम जनमानस के साथ हो रही धोखाधड़ी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मामले के निस्तारण के लिए पुलिस टीम गठित कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश कोतवाली पुलिस को दिए। कहा कि आरोपी विवेक चतुर्वेदी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल कर पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी विवेक चतुर्वेदी निवासी बी-218 सत्यम एन्क्लेब झिलमिल कॉलोनी, थाना विवेक विहार पूर्वी दिल्ली को कौशांबी गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।