मारपीट और अश्लील हरकत करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को कोटद्वार पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि 29 जनवरी को तेलीपाड़ा जिला बिजनौर निवासी परीक्षित जोशी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। उसने लक्की चौधरी पर उनकी माता के साथ मारपीट और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्जकर इसकी जांच शुरू की, जिसमें पता चला कि लक्की चौधरी एक शातिर अपराधी है। वह लॉकडाउन में गिरफ्तारी से बचने के लिए अज्ञात स्थान पर शरण लिए हुए था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी लक्की चौधरी निवासी दिल्ली फार्म, तेलीपाड़ा, थाना नगीना देहात जनपद बिजनौर यूपी को कोटद्वार सीमा क्षेत्र के कौड़िया चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। (संवाद)