कोटद्वार से सटे यूपी के तेलीपाड़ा रोड पर एक टैंपो मालिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में अभी मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।
उपनिरीक्षक प्रताप सिंह ने बताया कि बेस अस्पताल से उन्हें एक युवक की संदिग्ध मौत की जानकारी मिली थी। पूछताछ में परिजनों से बताया कि दीपक सैनी (24) पुत्र रामकिशन सैनी निवासी कौड़िया कोटद्वार का अपना वाहन है। बुधवार शाम पांच बजे करीब किसी ने मोबाइल पर उसे तेलीपाड़ा के पास सब्जी लेने के लिए बुलाया था। वह उसी समय अपना टैंपो लेकर घर से निकल गया। रात करीब 8:00 बजे किसी ने उसके सड़क किनारे पड़े होने की सूचना दी। परिजन मौके पर गए तो वह सड़क किनारे पानी में पड़ा मिला। परिजन उसे बेस अस्पताल कोटद्वार ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया कि संदिग्ध मौत के मामले में अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर मामले की जांच की जाएगी। संवाद