भाई बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर भाई के दीर्घायु की कामना की तो भाइयों ने बहन को उपहार देकर सुख दुख में साथ देने और हर संकट में उनकी रक्षा का वचन दिया।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही बहनें रक्षाबंधन की तैयारियों में जुट गईं। रक्षाबंधन के लिए बहनें भाइयों के घर गईं। उन्होंने भाइयों को तिलक लगाया, उनकी आरती उतारी और भाई की कलाई पर राखी बांधते हुए मुंह मीठा किया। भाई ने उपहार देकर बहन को रक्षा का वचन दिया।
इस अवसर पर झंडाचौक, मालिनी मार्केट, जिला परिषद मार्केट, स्टेशन रोड, गोखले मार्ग, गंगा दत्त जोशी मार्ग, देवी रोड, निंबूचौड़, दुर्गापुरी, किशनपुरी चौराहों पर राखी की दुकानों पर रौनक रही। मिठाइयों की दुकान पर लोगों की भीड़ लगी रही। उधर, आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन की छात्राओं ने गढ़वाल राइफल्स के सैनिकों को राखी बांधी। सैनिकों ने छात्राओं को उपहार दिए। इस दौरान प्रधानाचार्य विजेंद्र सुंद्रियाल, शिक्षिका मनीषा गुसाईं, संगीता कुमारी और डॉ. मनीषा शर्मा आदि उपस्थित रहे।
लक्ष्मी चैरिटेबल ट्रस्ट ने रक्षाबंधन पर्व पर निर्धन कन्याओं और महिलाओं को राखियां दीं और मिठाई बांटी। कार्यक्रम में सिद्धबली मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. जेपी ध्यानी और ट्रस्ट के अध्यक्ष ओमप्रकाश भारती ने कहा कि इस पर्व पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके दीर्घायु की कामना करती हैं और भाई अपनी बहनों की रक्षा का वचन देते हैं। इस मौके पर लक्ष्मी भारती, बृजेश चंद्रा, ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य अनुराग भारती, गणेश थपलियाल, अरुण कुमार, मान सिंह गुसाईं, विपिन पोखरियाल और विकास सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।
दूसरी ओर जीवन ज्योति फाउंडेशन ने रक्षाबंधन पर्व पर आर्य समाज मंदिर ध्रुवपुर के परिसर में पौधारोपण किया। इस मौके पर फाउंडेशन के संस्थापक ओमप्रकाश थपलियाल और मीडिया प्रभारी आशुतोष वर्मा सुखदेव शास्त्री, नंदन सिंह रावत, मनमोहन, महेंद्र सैनी, कमलस्वरूप कोटवाल और आनंद प्रसाद आदि मौजूद रहे। संवाद