पौड़ी जिले के अशासकीय प्रधानाचार्य परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से मिलकर शासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों की समस्याओं के निस्तारण की मांग की। कहा कि उनके स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़ गए हैं। दो माह से वेतन न मिलने के कारण उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट पैदा हो गया है। इससे पूर्व परिषद की बैठक में स्कूलों की समस्याओं पर चर्चा हुई।
परिषद के जिला अध्यक्ष धर्मपाल सिंह बिष्ट, जिला मंत्री दीनदयाल भारद्वाज और कोषाध्यक्ष संजय सिंह रावत ने सीईओ पौड़ी मदन सिंह बिष्ट को बताया कि पौड़ी जिले के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के कर्मियों को माह मार्च और अप्रैल का वेतन अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है, जिसके कारण संबंधित कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ये है शिक्षकों की मांगें
परिषद ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में नियुक्ति प्रक्रिया जारी रखने, जिन विद्यालयों की नियुक्ति के लिए पत्रावली कार्यालय में जमा है उन विद्यालयों को पद विज्ञप्ति करने के लिए अनुमति देने, नवीन शिक्षा सत्र 2016-17 के संचालन के लिए कक्षा 6 से 8 तक निशुल्क अवशेष पाठ्य पुस्तकों को विकास खंडों में भेजने, राजकीय विद्यालयों की भांति अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा नौ से बारहवीं तक अनुसूचित जाति व जनजाति के छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्य-पुस्तकों की धनराशि प्रदान करने, सहायक अध्यापक से प्रवक्ता पदों पर पचास प्रतिशत पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ करने, उपनल के माध्यम से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति करने, चतुर्थ श्रेणी से सहायक लिपिक पद पर पदोन्नति हेतु कार्यालय में प्राप्त समस्त प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने, जीपीएस प्रकरणों का निस्तारण जल्द करने और कालातीत प्रबंध समितियों वालेे विद्यालयों में प्रबंध संचालक नियुक्ति हेतु प्रस्ताव मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय से अपर निदेशक गढ़वाल मंडल पौड़ी भेजने की मांग की गई।