भाबर के त्रिलोकपुर गांव में एक वृद्ध के पेड़ से लटककर जान देने का मामला प्रकाश में आया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि वृद्ध जमीन के बंटवारे केे लेकर काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने त्रिलोकपुर गांव में पेड़ से लटका शव देखा तो सनसनी फैल गई। वृद्ध ने दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगाई हुई थी। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त उदयरामपुर निवासी फतेह सिंह (69) पुत्र तुला सिंह के रूप में की। फतेह सिंह कुछ वर्ष पहले पंजाब बिजली बोर्ड से सेवानिवृत्त हुआ और उसके बाद से पंजाब के गुराया में नौकरी कर रहा था।
करीब पंद्रह दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर अपने गांव आया हुआ था। पुलिस के अनुसार भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा होने की बात चल रही थी, जिससे वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था। परिजनों के अनुसार मंगलवार रात को फतेह सिंह रोज की तरह खाना खाकर सो गया था।
बुधवार तड़के करीब तीन बजे वह उठा और घर से बाहर जाने लगा। आहट सुनकर उसकी पत्नी उठी और इतने तड़के बाहर जाने का कारण पूछा तो वह शौच जाने की बातकर गोशाला की ओर चला गया। काफी देर तब जब वह लौटकर नहीं आया तो परिजनों को चिंता होने लगी और वे उसे तलाश करने लगे। उन्होंने इसकी सूचना ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह को दी और सभी गांव वाले उसकी तलाश करने लगे।
उधर, पास के गांव त्रिलोकपुर में सुबह करीब साढ़े छह बजे तेलीबाड़ा निवासी एक महिला जब अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए जा रही थी तो उसकी नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ा। उसने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।
सूचना पाते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्राम प्रहरी विक्रम गुसाईं ने घटना की सूचना कलालघाटी पुलिस चौकी को दी। चौकी इंचार्ज खजान सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।