कोटद्वार/दुगड्डा। विकासखंड दुगड्डा के भेल्डा क्षेत्र में वन विकास निगम की ओर से काटे गए पेड़ों के अवशेषों में आग लग गई। हवा के साथ फैली आग ने आसपास के जंगल क्षेत्र को भी अपनी चपेट में ले लिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
भूमि संरक्षण वन विभाग लैंसडौन की मटियाली रेंज के वनकर्मियों को भेल्डा क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली। जयहरीखाल व मटियाली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी बीडी जोशी के साथ टीम ने आग प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर आग पर काबू पाने की कवायद की। इस मौके पर वन विकास निगम की ओर से काटे गए पेड़ के अवशेरों में आग लगी थी। तेज हवा के साथ आग तेजी से फैल रही थी और लपटों के बीच वनकर्मियों को खासा जोखिम उठाना पड़ रहा था। वन क्षेत्राधिकारी के साथ रमेश गुसाईं, शिव सिंह, नरेश, राहुल, राजेंद्र रावत, कैलाश पांडे, अशोक कुमार और बचन सिंह समेत कई फायर वॉचर आग बुझाने में डटे रहे।
वन क्षेत्राधिकारी बीडी जोशी ने बताया कि हंस फाउंडेशन की ओर से प्रत्येक गांव में रखे गए फायर फाइटर्स आग बुझाने के लिए मौके पर नहीं पहुंचे। वनकर्मियों को ही आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, वनकर्मियों ने ग्रामीणों को आगाह किया कि वे मार्ग से गुजरते समय सावधानी बरतें। कोई भी ज्वलनशील पदार्थ इधर-उधर न फेंके। साथ ही क्षेत्रवासियों से गुजारिश की कि ग्रीष्मकाल के दौरान अपने खेतों में आड़ा, फसल अवशेष आदि न जलाएं।
.
बिजनौर और दुगड्डा के जंगल धधक रहे, चारों ओर धुएं के गुबार
निरंतर बढ़ते तापमान का असर कोटद्वार के चारों ओर के जंगलों में दिखाई देने लगा है। शनिवार को पुलिंडा और दुगड्डा मार्ग पर पहाड़ की ऊंची चोटी पर काफी हिस्से में आग धधकती रही। दोपहर के समय हवा तेज होने से आग बार-बार भड़क रही थी। उधर, कोटद्वार से सटे यूपी के बिजनौर वन प्रभाग के जंगल दो दिन से सुलग रहे हैं। यहां सागौन के प्लांटेशन समेत काफी मात्रा में वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही वनकर्मी आग बुझाने में जुट गए थे। धुएं के गुबार कोटद्वार से स्पष्ट नजर आ रहे थे। बिजनौर वन प्रभाग के एसडीओ राजीव कुमार ने बताया कि हर रेंज में वन कर्मी जंगलों में नजर बनाए हुए हैं। आग की सूचना मिलते ही उसे बुझाने के लिए टीम भेजी जा रही है।