पौड़ी। जनगणना के लिए चल रही तैयारियों के बीच शिक्षकों का ड्यूटी आवंटित किए जाने पर असंतोष बढ़ने लगा है। राजकीय शिक्षक संघ ने जनगणना कार्य में शिक्षकों की तैनाती पर अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाया है और इस संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपा है। डीएम को दिए ज्ञापन में जिलाध्यक्ष भवान सिंह नेगी और मंत्री बिजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कई शिक्षकों को उनके कार्यस्थल से काफी दूर जनगणना सुपरवाइजर और प्रगणक के रूप में नियुक्त किया गया है। साथ ही कई मामलों में शिक्षकों के विद्यालय और पदनाम भी गलत दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उच्च वेतनमान स्तर (8 व 9) पर कार्यरत शिक्षकों को प्रगणक बनाया गया है जबकि उनसे कम वेतनमान वाले कार्मिकों को सुपरवाइजर की जिम्मेदारी दी गई है। संघ ने इसे पद के अनुरूप कार्य वितरण बताया है। इसके अलावा बीएलओ की भी जनगणना में ड्यूटी लगाई गई है। जिससे शिक्षकों में रोष बढ़ रहा है। उन्होंने डीएम से सभी त्रुटियों को दुरूस्त करने की मांग उठाई है। संवाद