कोटद्वार। स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने बृहस्पतिवार को लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज में पनियाली गेस्ट हाउस और अरण्य सभागार का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग को देश और दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से ही इससे निपटा जा सकता है। पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल सरकारों को ही नहीं, हर नागरिक को गंभीर होना होगा। मंत्री ने कहा कि जनहित में वन अधिकारियों का भी व्यावहारिक होना बहुत जरूरी है।
बृहस्पतिवार को लैंसडौन वन प्रभाग की ओर से दो कार्यक्रम आयोजित किए गए। पहले स्वास्थ्य मंत्री ने करीब 12 लाख रुपये की लागत से हुए पनियाली गेस्ट हाउस के जीर्णोद्धार का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने गेस्ट हाउस के समीप बने 13 लाख रुपये की लागत से अरण्य सभागार का लोकार्पण किया। यहां सभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने डीएफओ नितिशमणि त्रिपाठी के ढाई साल के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके व्यावहारिक रुख के चलते जहां चिलरखाल-लालढांग मार्ग निर्माण का कार्य प्रशस्त हुआ, वहीं डिग्री कालेज-लालपुर-कलालघाटी मार्ग पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया। कण्वाश्रम पर्यटन विकास योजना में वन भूमि हस्तांतरण में भी उनकी अच्छी भूमिका रही। मंत्री ने कहा कि अधिकारियों का जनहित में व्यावहारिक होना बहुत जरूरी है।
पनियाली गेस्ट हाउस के जीर्णोद्धार और वर्षों से लंबित अरण्य सभागार भवन के निर्माण को उन्होंने कोटद्वार क्षेत्र की बड़ी संपत्ति बताया। उन्होंने कहा कि इसका लाभ वन विभाग के साथ ही कोटद्वार की जनता को भी मिलेगा। मंत्री ने कहा कि वन विभाग को रेन वाटर हारवेस्टिंग के क्षेत्र में काम करना होगा। जंगलों में चाल-खालों के निर्माण से जहां वन्य जीवों को जंगल में पानी मिलेेगा, वहीं जलस्रोत भी रिचार्ज होंगे। वन विभाग को ऐसी योजनाओं पर काम करना चाहिए। सभा का संचालन डीएफओ एनएम त्रिपाठी ने किया।
इस मौके पर प्रमुख वन संरक्षक उत्तराखंड राजेंद्र कुमार, शिवालिक वृत्त के मुख्य वन संरक्षक भुवन चंद्र, डीएफओ कालागढ़ डा. धीरज पांडेय, गढ़वाल के डीएफओ एके त्रिपाठी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला, ब्लाक प्रमुख सुरेश असवाल समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
स्वास्थ्य खराब होने के कारण नहीं आ सके वन मंत्री
कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग के कार्यक्रम में बृहस्पतिवार को वन मंत्री दिनेश अग्रवाल को आना था, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह नहीं पहुंच सके।
मयंक शेखर झा होंगे लैंसडौन के नए डीएफओ
कोटद्वार। आईएफएस अधिकारी मयंक शेखर झा को शासन ने लैंसडौन का डीएफओ तैनात किया है। यहां के डीएफओ एनएम त्रिपाठी का पूर्वी तराई हल्द्वानी डिवीजन में तबादला हो गया है।
डा. धीरज पांडेय ने संभाला डीएफओ का कार्यभार
कोटद्वार। मसूरी से स्थानांतरित होकर आए डीएफओ डा. धीरज पांडेय ने कालागढ़ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने रेंज अधिकारियों की बैठक ली और बरसात के सीजन को देखते हुए वन एवं वन्य जीवों की सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए।
फोटो