गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर की कुछ छात्राओं की ओर से जूडो प्रशिक्षक पर लगाए गए अभद्रता का आरोप संबंधी मामला शांत नहीं हो रहा। विवि की स्थायी महिला प्रकोष्ठ अब मामले की जांच करेगा।
छात्राओं के बाद अब जूडो प्रशिक्षक ने डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी को ज्ञापन भेज मामले गंभीरता से जांच किए जाने की मांग की है। प्रशिक्षक ने इस संबंध में कोतवाली व महिला थाने को भी सूचित किया है।
गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर की कुछ छात्राओं ने जूडो प्रशिक्षक पर शराब पीकर प्रशिक्षण देने व छात्राओं को गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया था। मंगलवार को आरोपी जूडो प्रशिक्षक ने डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी को ज्ञापन सौंप पूरे मामले की जांच किए जाने की मांग की है।
प्रशिक्षक का कहना है कि वह विगत 16 वर्षों से गढ़वाल विवि में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने विवि को कई स्वर्णिम सफलताएं भी दिलाई हैं। कहा कि छात्राओं के इस आरोप से उनके मान सम्मान को ठेस पहुंची है। वहीं डीएसडब्ल्यू प्रो जेपी पचौरी ने कहा कि मामले से संबंधित सभी शिकायती पत्र स्थायी महिला प्रकोष्ठ को सौंप दिए गए हैं। स्थायी महिला प्रकोष्ठ अब मामले की जांच करेगा।
प्रो. सुरेखा डंगवाल करेंगी जांच
मामले की जांच डिप्टी डीएसडब्ल्यू प्रो. सुरेखा डंगवाल करेंगी। स्थायी महिला प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल अवकाश पर हैं। उनके स्थान पर प्रो. सुरेखा डंगवाल को प्रभारी नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रो. डंगवाल ने बताया कि उन्हें आज ही कार्यभार मिला है। मामले का गंभीरता से अध्ययन कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।