कोटद्वार। आईएचएमएस संस्थान में कल्चर नाइट रंगरेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्यों से देश के विभिन्न प्रांतों की लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर शैलेंद्र सिंह रावत, प्रबंध निदेशक बीएस नेगी, कार्यकारी निदेशक अजय राज नेगी और निदेशक पूर्णिमा नेगी ने किया। मेयर ने कहा कि वर्तमान दौर में युवाओं पर पाश्चात्य संस्कृति का प्रभाव बढ़ रहा है। ऐसे में कॉलेज प्रबंधन की ओर से देश की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास सराहनीय है।
समूह गान में सुधांशु नेगी, यश त्यागी, चंद्रशेखर, शीतल, सिद्धार्थ और दीपाली की टीम प्रथम रही। समूह नृत्य में गढ़वाली लोकनृत्य प्रस्तुत करने वाली आकृति, आदि, जानवी, रिंकिता, त्रिशा, अनामिका, साक्षी और सृष्टि की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। एकल गायन में श्रीयश प्रथम, दीपक द्वितीय और सृष्टि तृतीय रहे। शायरी में सुधांशु सिंह प्रथम, हर्ष भाटिया द्वितीय और आर्यन बिष्ट तृतीय रहे। एक्स फैक्टर में कृष्णा और तुषार की जोड़ी प्रथम रही।
उत्कृष्ट कार्य के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर अंकित कुकरेती और स्टोर कीपर बृजेंद्र सिंह रावत को श्रेष्ठ कर्मचारी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अश्वनी शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी नरेश थपलियाल मौजूद रहे।