कोटद्वार। भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत ट्रस्ट (इंटेक) कोटद्वार चैप्टर ने लैंसडाैन वन प्रभाग के सहयोग से पनियाली स्थित अरण्य सभागार में वन्यजीव सप्ताह के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया।
इंटेक कोटद्वार चैप्टर की कन्वीनर शंभवी पडुकोण राणा के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा सात से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को केवल पोस्टर बनाने के बजाय साइन-मेकर की तरह सोचने के लिए प्रेरित किया गया। गजालोक प्रदर्शनी में हाथियों, उनके आवास और प्राकृतिक परिदृश्य के साथ उनके संबंधों को प्रदर्शित किया गया। वहीं, पारंपरिक ऐपण कलाकार नीरू शाह के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्तराखंड की पारंपरिक कला की तकनीक और पैटर्न सीखे।
आठ अक्तूबर को होने वाले समापन कार्यक्रम में प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा, विद्यार्थियों के डिजाइन प्रस्तुतिकरण, ऐपण कार्यशाला और प्रतिभागियों का सम्मान किया जाएगा। संवाद