श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से इस मामले में गतिविधियां बढ़ा दी हैं। परिसर में वर्तमान में चल रही प्रवेश प्रक्रिया के साथ ही संभावित प्रत्याशियों ने नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं के साथ संपर्क करना शुरू कर दिया है। इसी माह अंतिम सप्ताह में छात्रसंघ चुनाव होने की संभावनाएं हैं।
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए विवि प्रशासन की ओर से गत माह चुनाव अधिकारी की नियुक्ति कर दी गई थी। साथ ही चुनाव अधिकारी के अतिरिक्त चुनाव संचालन के लिए विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, मुख्य नियंता, मुख्य छात्र सलाहकार, मुख्य छात्रावास अधीक्षक, वित्त अधिकारी को पदेन सदस्य नियुक्त किया गया। इसे देखते हुए विभिन्न छात्र संगठनों से जुड़े छात्र नेताओं ने सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। संभावित प्रत्याशी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए छात्रों के बीच पहुंच रहे हैं। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया में उनकी मदद भी कर रहे हैं। विवि के मुख्य छात्रसंघ चुनाव अधिकारी प्रो. एचसी नैनवाल का कहना है कि विवि में अभी प्रवेश प्रक्रिया चल रही है, इसके संपन्न होते ही छात्रसंघ चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए बैठक कर जल्द ही तिथि घोषित किए जाने पर विचार किया जाएगा।