एनआईटी उत्तराखंड (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) ने इंटर एनआईटी स्टूडेंट इनोवेशन कंपीटीशन-2016 के लिए आवेदन (इंट्री) जमा करने की तिथि बढ़ा दी है। अब 22 जनवरी तक अपने अभिनव प्रयोग संबंधी इंट्री करवा सकते हैं। पहले इंट्री कराने की अंतिम तिथि 15 जनवरी थी।
एनआईटी उत्तराखंड देश का पहला एनआईटी है, जो एनआईटी के छात्रों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अभिनव प्रयोग प्रतियोगिता आयोजित करने जा रहा है। यह प्रतियोगिता एनआईटी में 19 से 21 फरवरी तक होगी। इसके लिए 10 बेहतर आविष्कारों में सर्वश्रेष्ठ तीन का चयन किया जाएगा। इसमें विजेता प्रतिभागी को एक लाख रुपये मिलेंगे। द्वितीय को 50 हजार और तृतीय को 25 हजार रुपये मिलेंगे।
एनआईटी के निदेशक प्रो. एचटी थोराट ने बताया कि अभिनव प्रयोग प्रतियोगिता छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन देगी। इससे उनकी सोच को पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की महत्ता को देखते हुए इंट्री जमा करने की तिथि 22 जनवरी कर दी गई है। ताकि यदि कोई छात्र-छात्रा अपनी इंट्री कराने से किसी कारणवश वंचित रह गया हो, तो उसको भी मौका मिल जाए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को अपने संस्थान के निदेशक/रजिस्ट्रार/एचओडी से प्रमाणित कराना होगा, कि संबंधित आविष्कार उसका स्वयं का है।