शराब की दुकान के विरोध में मंगलवार देर शाम को खूनीबड़ की महिलाओं ने गांव के नजदीक यूपी की शराब की दुकान पर पत्थरबाजी की और वहां तोड़फोड़ मचाई। महिलाओं को आते देख शराब कारोबारी दुकान बंद कर भाग गए। इसके कारण नुकसान नहीं हुआ। महिलाओं का कहना है कि गांव के नजदीक किसी भी शराब की दुकान को नहीं चलने दिया जाएगा।
मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे गांव के नजदीक खुली दो शराब की दुकानों से आक्रोशित खूनीबड़ की महिलाएं पहले मंडी के पास खुली उत्तराखंड शराब की दुकान पर पहुंचीं, लेकिन महिलाओं के आने से पहले ही दुकान बंद हो गई थी। दुकान बंद देख महिलाएं सुखरो नदी के पार खुली यूपी की शराब की दुकान की ओर चल पड़ी।
महिलाओं को दुकान की ओर आते देख यूपी के कारोबारी ने भी दुकान बंद कर दी और वहां से चले गए। महिलाएं दुकान तक पहुंचीं, लेकिन दुकान को बंद देख उनका गुस्सा भड़क गया। उन्होंने दुकान में पत्थरबाजी की और दुकान के पीछे रखे अंडों की ट्रे बर्तन आदि में तोड़फोड़ कर दी।
ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह ने बताया कि गांव के नजदीक यूपी और उत्तराखंड की दो शराब की दुकानों के कारण यहां का माहौल खराब हो रहा है। महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस करने लगी हैं। शाम को बच्चों का घूमना बंद हो गया है। क्षेत्र में शराब की दुकानें किसी ही हालत में खुलने नहीं दी जाएंगी।