कोटद्वार। राजकीय शिक्षक संघ जनपद पौड़ी इकाई का छठा द्विवार्षिक जिला अधिवेशन और शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी दो व तीन दिसंबर को जनता इंटर कॉलेज मोटाढाक में होगी।
संगठन के जिला संरक्षक जयदीप रावत ने बताया कि आयोजन में जनपद के ढाई हजार से भी अधिक शिक्षक सदस्य शामिल होंगे। दो दिसंबर को प्रथम सत्र में शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी एवं द्वितीय सत्र में प्रत्याशी विचार रखेंगे। संघ के अध्यक्ष, मंत्री, उपाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री, संगठन मंत्री और आय-व्यय निरीक्षक पद पर निर्वाचन होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी रविंद्र सिंह रावत प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज सुखरो एवं छह अन्य सह निर्वाचन अधिकारियों के साथ मतदान अधिकारियों को भी नामित किया गया है।
जयदीप रावत ने बताया कि तीन दिसंबर को आठ बूथों पर सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान होगा। तीन बजे से मतगणना होगी। जनता इंटर कॉलेज मोटाढाक के प्रधानाचार्य डॉ. महावीर सिंह बिष्ट ने बताया कि जनपद स्तरीय अधिवेशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।