कोटद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने श्री सिद्धबली अनुष्ठान महोत्सव के पहले दिन स्वयं सिद्धबली मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को संवेदनशील होकर पूरे मन से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। शुक्रवार दोपहर एसएसपी सर्वेश पंवार ने मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग, पार्किंग स्थलों, यातायात रूट एवं पुलिस सहायता प्वाइंट्स का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कई बिंदुओं पर स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धता, अचानक बढ़ने वाली भीड़ पर तत्काल नियंत्रण के लिए रिजर्व फोर्स को अलर्ट मोड में रखने के विशेष निर्देश दिए। एसएसपी ने बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, पार्किंग एवं पैदल मार्गों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति मधुर व्यवहार करते हुए सहयोग व सम्मान की भावना रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने, वृद्ध, दिव्यांग, महिलाओं और बच्चों के प्रति संवेदनशीलता अपनाने के भी निर्देश दिए। संवाद