हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय पौड़ी कैंपस में छात्रसंघ चुनाव में मतदान दो सितंबर को होगा। बुधवार को जनरल गैदिरंग हुई। कैंपस में प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। अध्यक्ष समेत सभी पदों के उम्मीदवारों ने खूब लुभावने वादे किए। कालेज प्रशासन की ओर से चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जनरल गैदरिंग के बाद आर्यन, एबीवीपी, एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने शहर में जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।
परिसर निदेशक प्रो. अनूप डोबरियाल ने बताया कि दो सितंबर को छात्रसंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी के सात सदस्यों (एक छात्राओं के लिए आरक्षित) एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के एक पद के लिए चुनाव होंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. केसी पुरोहित, सहायक चुनाव अधिकारी डा. अरुण सिंह रावत ने बताया कि चुनाव की तैयारियां पूरी हैं।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के बोल
एमएससी अंतिम वर्ष के छात्र राहुल शाह एनएसयूआई की तरफ से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं। राहुल ने कहा कि जीते तो पौड़ी कैंपस में करिअर काउंसिलिंग की सुविधा के लिए काम करेंगे। एमकॉम की पढ़ाई शुरू कराने के लिए करेंगे संघर्ष। ---
- आर्यन ग्रुप के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी भारत भूषण नेगी ने नारा दिया ‘न जातिवाद, न क्षेत्रवाद, सिर्फ छात्रवाद’। उनका कहना है कि इस तरह की कुंठाग्रस्त सोच के चलते कालेज और क्षेत्र का माहौल खराब होता है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मयूर भट्ट का कहना है कि वे स्वच्छ राजनीति के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। कालेज में आने वाले सभी विद्यार्थियों को अच्छा माहौल मिले इसके लिए काम करेंगे।
छात्रा उम्मीदवार बोलीं
- उपाध्यक्ष पद की प्रत्याशी साहिना ने कहा कि कैंटीन छोटी है। इसमें हमेशा लड़के भरे रहते हैं। लड़कियों के लिए जगह नहीं हो पाती है। वह जीतीं तो नई कैंटीन बनाने के लिए पहले काम करेंगी।
- सचिव पद की प्रत्याशी मोनिका नेगी ने कैंपस परिसर में बिना आईकार्ड के आने वाले बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक की मांग की। उन्होंने कहा कि यह उनका प्रमुख मुद्दा रहेगा।
- सहसचिव पद की प्रत्याशी हिमानी देशवाल ने कहा कि पौड़ी परिसर में सफाई की व्यवस्था नहीं है। सफाई उनका मुख्य मुद्दा है।