कोटद्वार। पुलिंडा गांव से कबाड़ लेकर कोटद्वार की ओर आ रहा एक छोटा हाथी वाहन बुधवार शाम रामणी पुलिंडा मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। दुर्घटना में वाहन सवार तीन लोग घायल हो गए। सभी को निजी वाहन से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों के परिजनों ने बताया कि लकड़ीपडाव निवासी रहीस अहमद, जीवन राम व मो. वसीम कबाड़ का काम करते हैं। बुधवार सुबह वे छोटे हाथी वाहन से पुलिंडा गांव कबाड़ लेने गए हुए थे। शाम पांच बजे कोटद्वार की ओर आते समय उनका वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। चीख-पुकार की आवाज सुनकर मार्ग से गुजर रहे कुछ लोगों ने उन्हें खाई से बाहर निकाला और निजी वाहन से राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया। चिकित्सकों ने घायलों की हालत स्थिर बताई है।