कोटद्वार। नगर निगम के पार्षदों ने नगर निगम कार्यालय में सैनिटाइजर खरीद घोटाले के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस मौके पर पार्षदों ने मामले की जांच करा कर संबंधित दोषी अधिकारियों और फर्म के खिलाफ हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। मांग को लेकर पार्षदों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
बृहस्पतिवार को पार्षद नगर निगम कार्यालय में एकत्र हुए। यहां उन्होंने सैनिटाइजर खरीद घोटाले के विरोध में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। पार्षद सौरव नौडियाल ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में भी नगर निगम प्रशासन और मेयर पार्षदों को विश्वास में नहीं ले रहे हैं। निगम प्रशासन अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कोटद्वार की जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। कई वार्डों में अभी तक सैनिटाइजर का छिड़काव पूरी तरह से नहीं हुआ है। स्थिति यह है कि नगर निगम अधिकारियों की मिलीभगत से पहले खराब स्प्रे मशीनें खरीदी गईं और अब सैनिटाइजर के बजाय पानी के ड्रम खरीदे जा रहे हैं। शिकायत करने पर स्थानीय प्रशासन उन्हें धमका रहा है कि शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नौडियाल ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में नगर निगम बोर्ड की आपात बैठक बुलाकर पार्षदों को विश्वास में लेकर आवश्यक सामग्री की खरीद की जानी चाहिए थी, लेकिन नगर निगम प्रशासन ने यह भी नहीं किया।
इस अवसर पर पार्षद विपिन डोबरियाल, अमित नेगी, मीनाक्षी कोटनाला, अनिल नेगी, मनीष भट्ट, गिंदीदास, ज्योति सिंह, कमल नेगी व अमित नेगी आदि शामिल रहे।
-फोटो