द्वारीखाल ब्लाक के सिलोगी क्षेत्र में पानी की समस्या गहराने पर क्षेत्रवासियों ने राज्यपाल से कर्थी-कोठार पंपिंग योजना का निर्माण शुरू करने की गुहार लगाई है। लोगों ने कहा कि पानी के लिए उन्हें डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर जाना पड़ता है।
द्वारीखाल ब्लाक के नैल गांव निवासी बीएसएनएल से सेेवानिवृत्त मुख्य लेखाधिकारी मोहन सिंह रावत की ओर से राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि सिलोगी क्षेत्र में कई दशक से पेयजल समस्या से जूझ रहा है। क्षेत्र की पेयजल समस्या के लिए अभी तक कोई प्रयास नहीं हो पाए हैं। इन दिनों गर्मी बढ़ते ही क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने लगा है। क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिए वर्ष 2010 में कर्थी-कोठार पंपिंग योजना प्रस्तावित की गई थी।
स्वीकृति के बाद भी शुरू नहीं हुआ काम
इस योजना को दो साल पहले शासन की ओर से स्वीकृति दी जा चुकी है लेकिन अभी तक इसमें निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस क्षेत्र के लोग पहले की तरह आज भी डेढ़ किमी दूर प्राकृतिक जल स्रोत से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल से उक्त योजना में निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
दूसरी तरफ जल निगम कोटद्वार के अधिशासी अभियंता आरके चौहान ने बताया कि कर्थी कोठार पंपिंग योजना के प्रथम चरण के कार्यों के लिए शासन से दस लाख की राशि स्वीकृत हुई है। इससे क्षेत्र का विस्तृत सर्वेक्षण कराने के साथ-डीपीआर तैयार करने का कार्य किया जा रहा है।