शेखर हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, पुलिस आज करेगी खुलासा
गत 13 अगस्त को सिमलचौड़ में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े दिया था हत्याकांड को अंजाम
घटना के बाद से ही हत्याकांड के खुलासे को पुलिस की कई टीमें यूपी और उत्तराखंड में कर रही थीं काम
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। पौड़ी जिले के कोटद्वार में गत 13 अगस्त को दिनदहाड़े हुई देहरादून के युवक शेखर चंद्र ढौंडियाल की हत्या का खुलासा कोतवाली पुलिस 28 अगस्त को करेगी। खुलासे के लिए खुद एसएसपी पौड़ी डीएस कुंवर कोटद्वार पहुंचेंगे। हत्याकांड के शूटर भी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। हत्या के तार कोटद्वार में पैर पसार रहे गैंगवार से जोड़कर देखे जा रहे हैं।
कोटद्वार के सिमलचौड़ स्थित शिव केबल नेटवर्क के कंट्रोल रूम में गत 13 अगस्त को केबल नेटवर्किंग के एक्सपर्ट देहरादून निवासी शेखर चंद्र ढौंडियाल की अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिस वक्त यह वारदात हुई थी, उस समय शेखर ढौंडियाल केबल कंट्रोल रूम के बरामदे में टहलते हुए अपने मोबाइल से किसी से बात कर रहा थे। हत्याकांड की जांच के लिए कई टीमें बनाकर यूपी और उत्तराखंड के हरिद्वार, रुड़की और देहरादून भेजी गईं। पुलिस इस मामले में अब तक करीब दो दर्जन से अधिक संदिग्धों की धरपकड़ कर पूछताछ कर चुकी है। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज, मृतक के फोन और लैपटॉप के आधार पर जांच आगे बढ़ी तो हत्याकांड के तार कोटद्वार में पैर पसार रहे गैंगवार से जुड़ते नजर आए। सूत्रों के अनुसार मामला रंगदारी से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस करीब सप्ताहभर पूर्व हत्या में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर चुकी है।
फोटो (मृतक की फाइल फोटो)