जिले में 8 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया है। लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए विभागीय स्तर पर सैंपलिंग भी बढ़ा दी गई है। वहीं टिहरी जिले में तीन पुलिस कर्मी सहित सात और चमोली जिले में तीन लोग संक्रमित मिले।
रुद्रप्रयाग नगर में एक होटल कर्मी और एक मेडिकल स्टोर संचालक कोरोना पॉजिटिव मिले। कुछ दिन पूर्व संक्रमित महिला के परिवार के तीन व पड़ोस के दो लोग भी पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि एक अन्य मुंबई से जिले में पहुंचा था। सीएमओ डा. विंधेश कुमार शुक्ला ने बताया कि सोमवार को ढाई सौ से अधिक सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गए। नगर पालिका रुद्रप्रयाग के सात वार्डों में पहले चरण में रैंडम सैंपलिंग के तहत सात सौ सैंपल लिए जाएंगे।
वहीं चमोली जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमण के तीन नए मामले मिले हैं। इनमें से एक मामला तपोवन में मिला। यह मजदूर कुछ दिन पहले हिमाचल प्रदेश से यहां पहुंचा था। 1 महिला मारवाड़ी में संक्रमित मिली, जबकि 1 व्यक्ति बुलंदशहर से आया था और भराड़ीसैंण संस्थागत क्वारंटीन में था। सीएमओ डा. गुमान सिंह राणा ने बताया कि जिले में 166 प्रवासी संस्थागत क्वारंटीन और 802 प्रवासी होम क्वारंटीन में हैं।
वहीं टिहरी जिले में सात संक्रमित मिले। एडीएम शिव चरण द्विवेदी ने बताया कि नरेंद्रनगर ब्लॉक क्षेत्र में सात नए लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें मुनिकीरेती क्षेत्र में तैनात तीन पुलिस कर्मी भी शामिल हैं। सभी लोग स्थानीय हैं।
एसडीएम, तहसीलदार समेत 115 लोगों के सैंपल भेजे
लैंसडौन/कोटद्वार। लैंसडौन नगर में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जयहरीखाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने लैंसडौन एसडीएम, तहसीलदार, कोतवाली प्रभारी सहित 115 लोगों के कोरोना सैंपल भेजे। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. पुंकेश पांडे ने बताया कि तहसील में 82 तहसील और कोषागार कर्मचारियों के सैंपल लिए। कोतवाली में 33 पुलिस कर्मियों, जिनमें रेगुलर पुलिस के अलावा होमगार्ड, पीआरडी के जवानों के कोरोना सैंपल लेकर जांच के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। वहीं कोटद्वार में 10 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को आइसोलेट कर उपचार शुरू कर दिया है। सभी के सीधे संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार की जा रही है।
श्रीकोट बाजार बंद, श्रीनगर सब्जी मंडी सील
श्रीनगर। सोमवार को श्रीनगर में 7 कोरोना पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें से दो राजकीय मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी हैं। वहीं श्रीकोट गंगानाली में एक रेस्टोरेंट कर्मचारी के पॉजिटिव निकलने के बाद तीन दिन के लिए बाजार बंद कर दिया गया है। सिर्फ मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। वहीं श्रीनगर में एक टेलर के पॉजिटिव आने के बाद सब्जी मंडी को सील कर दिया गया है। यहां लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने बताया कि एमआरयू (मेडिकल रिसर्च यूनिट) का डाटा एंटी ऑपरेटर कोविड-19 लैब मेें रिपोर्टिंग का काम करता है। जबकि स्किन का एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और उसके परिवार के तीन सदस्य पॉजिटिव पाए गए हैं।
अतिरिक्त पीएचसी में कोई भी करा सकता है कोरोना की जांच
नई टिहरी। टिहरी जिले में कोरोना संक्रमण जांच के लिए जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था बनाई है। नई टिहरी स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य में अब कोई भी व्यक्ति अपना सैंपल देकर कोरोना की जांच करा सकता है। इधर, डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कोई भी व्यक्ति यदि स्वेच्छा से अपना कोरोना टेस्ट करवाना चाहता है तो वह अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नई टिहरी में सैंपल देकर टेस्ट करवा सकता है। कहा कि यदि यह प्रयोग सफल रहा तो जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी। डीएम ने कोरोना संक्रमण को लेकर एसडीएम और थानाध्यक्षों को कांटेक्ट ट्रेसिंग करने के निर्देश दिए हैं।