कोटद्वार/गोपेश्वर/थराली। लॉकडाउन के दौरान देश के विभिन्न शहरों में फंसे प्रवासियों का उत्तराखंड पहुंचने का सिलसिला जारी है। सोमवार को पंजाब के मोहाली से रोडवेज की 5 बसों में सवार होकर करीब 164 लोग कोटद्वार पहुंचे। मेडिकल जांच और उनके हाथों पर होम क्वारंटीन की मोहर लगाने के बाद उन्हें घरों के लिए भेज दिया गया। जबकि चमोली जिले में 232 लोग पहुंचे।
कोटद्वार में सोमवार शाम को मोहाली पंजाब से रोडवेज की बसों में सवार लोग उत्तराखंड बॉर्डर पर कौड़िया चेकपोस्ट पर पहुंचे। यहां बस चालक और परिचालकों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। उसके बाद सभी 34 बसों में सवार गुरुग्राम के लोगों को ग्रास्टनगंज पंचायत भवन परिसर में लाया गया। यहां पर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की और उनके हाथों पर होम क्वारंटीन की मोहर लगाई। इसके बाद सभी प्रवासियों को पौड़ी जिले के दुगड्डा, यमकेश्वर, द्वारीखाल, जयहरीखाल, रिखणीखाल, नैनीडांडा, थलीसैंण, एकेश्वर, पाबौ, पौड़ी, खिर्शू, कोट, कल्जीखाल, पोखड़ा और बीरोंखाल ब्लाकों की ओर बस से भेजा दिया गया। तहसीलदार डबल सिंह रावत ने बताया कि सभी को मेडिकल जांच के बाद घर भेजा है।
वहीं चमोली जिले में गुरुग्राम से 152, राजस्थान उदयपुर से 58 तथा चंडीगढ़ मोहाली से 22 प्रवासियों सहित कुल 232 लोग अपने चमोली जिले में पहुंचे। सभी को क्वारंटीन किया जाएगा। वहीं थराली में दिल्ली, गुजरात, हरियाणा आदि क्षेत्रों से लोग पहुंचे। एसडीएम केएस नेगी का कहना है कि जो लोग हाटॅ-स्पाट एरिया से आ रहे हैं उन्हें ग्वालदम, गैरसैंण, गौचर आदि स्थानों पर क्वारंटीन किया जा रहा है।