एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल ने लॉकडाउन के दौरान राशन की व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए एफसीआई के गोदाम पहुंचकर उपलब्ध खाद्यान्न की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षात्मक कारणों के मद्देनजर लैंसडौन स्थित जामा मस्जिद का निरीक्षण कर आवश्यक कागजातों का अवलोकन किया। साथ ही धर्मशाला में बने क्वारंटीन सेंटर में लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल पूछा।
शुक्रवार को एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल ने लॉकडाउन का जायजा लेने के लिए छावनी नगर सहित गुमखाल, जयहरीखाल व सतपुली बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानों के बाहर बने गोलों के बाहर खरीदारी के लिए खड़े लोगों को फटकार लगाते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने की हिदायत दी। बाजार भ्रमण के दौरान उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन कर रहे लोगों को खुद की सुरक्षा करने का पाठ भी पढ़ाया।
एसडीएम ढौंडियाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को पौड़ी जिले के विभिन्न क्षेत्रों के चार लोगों को होम क्वारंटीन कराया गया था। शुक्रवार को एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को देखते हुए उसके दो साथियों सहित कोटद्वार स्थित उनके परिजन के यहां होम क्वारंटीन कराया गया। शासन ने लैंसडौन की धर्मशाला में क्वारंटीन 18 लोगों में से तीन को शुक्रवार की सुबह होम क्वारंटीन के लिए कोटद्वार उनके परिजनों के यहां भेज दिया है। इस दौरान उनके साथ नायब तहसीलदार हरीश जोशी, खाद्यान्न निरीक्षक अभिषेक कर्णवाल, कोतवाली निरीक्षक एसएन गैरोला सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।