सतपुली/कोटद्वार। गुमखाल-सतपुली के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-534 के चौड़ीकरण का काम आसपास की अन्य सड़कों के यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। मल्ली सतपुली से करीब 200 मीटर नीचे गुजर रहे सतपुली-दुधारखाल मोटर मार्ग का हिस्सा दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है।
सतपुली से करीब 500 मीटर आगे शेरावाली मंदिर के पास दो स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। इसके अलावा सतपुली-दंगलेश्वर मार्ग पर हाईवे चौड़ीकरण का मलबा और बोल्डर गिरने से भी आवागमन प्रभावित हो रहा है। हाईवे के ऊपर और नीचे लटके बोल्डर बिना बारिश के भी सड़क पर गिर रहे हैं।
सतपुली-दुधारखाल मार्ग बंद होने की स्थिति में इससे जुड़ने वाले करीब 15 मोटर मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप हो जाएगा। इनमें सतपुली-कांडाखाल-सिसल्डी समेत कई अन्य मार्ग शामिल हैं। सड़कों से जुड़े सैकड़ों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन के लिए मार्ग से गुजरना पड़ता है। बोल्डर और मलबे के लगातार गिरने से ग्रामीण जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
यात्रियों को हर समय सड़क पर बोल्डर गिरने का डर बना रहता है। जेई राहुल गुप्ता का कहना है कि दोनों क्षतिग्रस्त स्थानों का मामला संज्ञान में है। दोनों स्थानों के लिए आगणन तैयार किया जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही क्षतिग्रस्त हिस्सों पर पुश्तों का निर्माण कराया जाएगा।