कोटद्वार। श्री गुरु गोरखनाथ पर्यावरणीय संरक्षण एवं संवर्धन समिति ने यमकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत बिथ्याणी-देवी डांडा मोटर मार्ग और ग्रामसभा ढूंगाधार (अकरा) में औषधीय, फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया। इस मौके पर आयोजित गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने पर जाेर दिया गया।उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत ढूंगाधार की प्रधान संतोषी देवी ने किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए सभी का सहयोग चाहिए। सामूहिक प्रयासों से ही समस्या से निपटा जा सकता है। अति विशिष्ट अतिथि भारतीय वन सेवा पंजाब कैडर अमित चौहान ने कहा कि पारिस्थितिकी असंतुलन से बचने और भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधों का रोपण कर उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी लेनी होगी। विशिष्ट अतिथि राजस्व निरीक्षक चित्र सिंह रावत ने कहा कि ऐसे पौधों का रोपण किया जाना चाहिए जो कि जनता के साथ ही पर्यावरण के लिए भी उपयोगी हो। समिति के अध्यक्ष आरपी पंत ने वनों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस मौके पर समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने आम, पीपल, बरगद, हरड़, बहेड़ा, आंवला, कचनार, अमरूद, अनार, बांज और कंजी आदि प्रजाति के फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम में समिति के उपाध्यक्ष उमा नंद बडोला, बलवीर सिंह बिष्ट, एसएन पोखरियाल, मोहन सिंह नेगी, प्रकाश चंद्र हेमदान, हरिपाल सिंह रावत, महेश चंद्र बडोला, विनय रावत, सुनील नेगी, आशा नेगी और कुसुम बिष्ट आदि मौजूद रहे। संचालन महासचिव सतीश चंद्र शर्मा ने किया।
.
फोटो समाचार
जारी
अशोक केष्टवाल