सार्थक कंडवाल व खुशी बने सर्वश्रेष्ठ योगी
- योग प्रतियोगिता में कुल 34 टीमों ने प्रतिभाग किया
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। डू समथिंग सोसाइटी की ओर से कण्वघाटी स्थित एमके स्पोर्ट पार्क में भरत महोत्सव का 9वां संस्करण शनिवार को शुरू हो गया है। पहले दिन विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। इस दौरान योग प्रतियोगिता में फैमिली योगी ग्रुप, ओम जी अग्रवाल ग्रुप अपने वर्गों में प्रथम स्थान पर रहे। वहीं, प्रतियोगिता में सार्थक कंडवाल व खुशी सर्वश्रेष्ठ योगी चुने गए।
भरत महोत्सव का उद्घाटन संस्था के संरक्षक प्रकाश चंद्र कोठारी, आयोजन समिति के अध्यक्ष आरपी पंत, सचिव शंकर दत्त गौड़, रिपुदमन सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर जूनियर व ओपन वर्ग की योग प्रतियोगिता में कुल 34 टीमों ने प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग में फैमिली योगी ग्रुप, पतंजलि ग्रुप, झंड़ीचौड़ ग्रुप ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। ओपन वर्ग में ओम जी अग्रवाल ग्रुप, परमार्थ निकेतन गुरुकुल कण्वाश्रम, वरदान योगशाला ग्रुप क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। वॉलीबाल प्रतियोगिता में कुल 13 टीमों ने प्रतिभाग किया। पहले मुकाबले में घराट ने मवाकोट की टीम को हराया। एमकेवीएन पैराडाइज, दुर्गापुरी, एमकेवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल व नवयुग पब्लिक स्कूल ने भी अपने मुकाबले जीते। एकल, समूह व ओपन वर्ग की गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कीर्तन प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न कीर्तन मंडलियों ने अपने भजनों के माध्यम से माहौल को भक्तिमय बना दिया। हंस फाउंडेशन की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की निशुल्क जांच कर दवाइयां दी गई। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष मयंक प्रकाश कोठारी, सचिव विपिन जदली, उपाध्यक्ष रेखा नेगी, सेवानिवृत्त कैप्टन डीपी बलूनी, कांग्रेस नेत्री रंजना रावत, सिंधु कोठारी, शीला देवी, सोनम पंत कोठारी, सुनीता नैथानी, कविता रावत, ज्योति कुलाश्री,, राकेश लखेड़ा, विजय लखेड़ा, सुरेंद्र लाल आर्य, पीएल खंतवाल, जनार्द्धन प्रसाद ध्यानी आदि मौजूद रहे।
कोटद्वार भाबर के कण्वघाटी में भरत महोत्सव का उद्घाटन करते अतिथि। स्रोत: आयोजक