कोटद्वार। शहर में रोडवेज बसों, निजी सवारी वाहनों समेत अन्य वाहनों का दबाव अधिक होने पर शहर की यातायात व्यवस्था हांफने लगी। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर स्थानीय लोगों को जाम से जूझना पड़ा। यातायात पुलिस ने विभिन्न अनियमितताओं में कई वाहनों चालान तो किए, लेकिन जाम का प्रमुख कारण बनीं रोडवेज बसों के प्रति नरम रुख अपनाया।
बृहस्पतिवार सुबह कोटद्वार में पहाड़ से मैदानी क्षेत्रों में जाने वाले वाहनों का काफी दबाव था। झंडाचौक एवं लालबत्ती चौराहा समेत इनसे जुड़े प्रमुख मार्गों पर कई जगह वाहन फंसे थे। विशेषकर रेलवे रोड एवं तीलू रौतेली चौराहे की ओर जाने वाले मार्गों पर रोडवेज बसों और जीएमओयू की बसों के खड़े होने से हालात काफी खराब बने थे। यूपी परिवहन निगम की एक साथ पांच बसें रोडवेज डिपो के बाहर पहुंच गई। इस दौरान कोटद्वार डिपो की बसें भी खड़े होने से जाम की स्थिति बन गई। ई-रिक्शाओं, टैंपो, कारों आदि के पहुंचने से जाम लग गया।
हाईवे एवं उससे जुड़े मार्गों पर गश्त कर रहे यातायात पुलिसकर्मी जाम की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे। रोडवेज डिपो के बाहर यूपी परिवहन निगम की रोडवेज बसों की लंबी कतार को सड़क से हटाया गया लेकिन नो पार्किंग में खड़े होने पर चालान की कार्रवाई नहीं की गई। यातायात उपनिरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर छह वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा बगैर लाइसेंस वाहन चलाने पर तीन और अवैध लाइसेंस के साथ वाहन चलाने पर आठ लोगों के चालान किए गए।