कोटद्वार। लंबे समय से सड़क का अभाव झेल रहे ग्रामीणों के चेहरे उस समय खिल गए, जब कुछ प्रवासियों और क्षेत्रीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से अदालीखाल-डोबा मार्ग पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। ग्रामीणों ने कड़े प्रयास कर सड़क स्थापित की। सड़क बनने से गांव के ग्रामीण नेशनल हाईवे से जुड़ जाएंगे।
विधानसभा क्षेत्र लैंसडौन और विकासखंड नैनीडांडा के अंतर्गत अदालीखाल बाजार से गांव के खेल मैदान तक अब सड़क पहुंच चुकी है। कोरोनाकाल के दौरान जब कुछ प्रवासी देश के अलग-अलग क्षेत्रों से वापस गांव लौटे थे, तब उन्हें सड़क के अभाव के कारण कई तरह की समस्याएं और चुनौतियां सामने आई थीं।
तभी से प्रवासी और ग्रामीण मिलकर सड़क बनाने के लिए प्रयासरत थे। आखिरकार ग्रामीणों ने वन पंचायत भूमि पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से करीब आधा किमी. भूमि काटकर सड़क का निर्माण किया। इससे न केवल मार्ग से पैदल व दोपहिया वाहन, बल्कि चार पहिया वाहन भी चलने शुरू हो गए। इस मार्ग पर पक्की सड़क बनने से अब क्षेत्र नेशनल हाईवे से जुड़ सकेगा।
लैंसडौन विधायक की पूर्व प्रतिनिधि मुन्नी ध्यानी, क्षेत्र पंचायत सदस्य अजीतपाल नेगी, डोबा की ग्राम प्रधान प्रियंका एवं ग्राम सरपंच पुष्पा ध्यानी ने संयुक्त रूप से सड़क का उद्घाटन किया। फीता कटते ही ग्रामीणों ने परंपरागत संगीत पर नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया। इस मौके पर प्रवासियों एवं ग्रामीणों ने दुर्गा देवी मंदिर डोबा में पूजा अर्चना की और अतिथियों को सम्मानित किया। समापन पर भंडारा वितरित किया गया। सड़क बनवाने में प्रवासियों सुरेंद्र उनियाल, सुरेश ध्यानी, शूरवीर सिंह, मनोज, वीरेंद्र सिंह (बिट्टू), सत्येंद्र सिंह, सूर सिंह सहित ओमप्रकाश ध्यानी, दर्शन सिंह, मोहनलाल ध्यानी सहित ग्राम डोबा के कई ग्रामीणों का सहयोग रहा।