कोटद्वार। वीर चक्र विजेता हवलदार स्व. बुद्धि बल्लभ बेबनी के पैतृक गांव तच्छाली को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए प्रस्तावित पांच किमी पुलिंडा-तच्छाली-स्यालिंगा मोटर मार्ग पर आधा किमी रोड कटिंग के बाद कार्य दो सप्ताह से रुका हुआ है, जिससे ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
वीर चक्र विजेता हवलदार स्व. बुद्धि बल्लभ बेबनी के पैतृक गांव तच्छाली समेत आसपास के गांव गिंठाला, स्यालिंगा, सुनार, भुनार, मुंडला, काटल, बसंतोली और खाल के ग्रामीणों को दो से पांच किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़कर पहले मुख्य सड़क पुलिंडा मार्ग पर और वहां से वाहनों से मुख्य बाजार कोटद्वार आवाजाही करने को मजबूर होना पड़ रहा था। सड़क के अभाव में ज्यादा दिक्कत बुजर्गों, बच्चों और प्रसव वाली महिलाओं को हो रही थी। साथ ही ग्रामीणों को अपने कृषि उत्पादों को भी मुख्य बाजार कोटद्वार तक पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण कई वर्ष से पुलिंडा-तच्छाली-स्यालिंगा मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की मांग पर राज्य सरकार ने वर्ष 2016 में मार्ग के निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन तब यह मार्ग धरातल पर उतर नहीं पाया था।
शासन से मार्ग निर्माण के लिए 110.85 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद गत 28 अप्रैल को यमकेश्वर की विधायक रेनू बिष्ट ने रोड कटिंग कार्य का शिलान्यास किया। ग्रामीण शंकर दत्त बेबनी, शंकर सिंह, योगश्वर प्रसाद, विजय प्रसाद, वेदप्रकाश, बालिंदर सिंह और मनोज रावत आदि का कहना है कि पहले ठेकेदार ने करीब आधा किमी रोड कटिंग का कार्य किया और चलता बना। जबकि दूसरे ठेकेदार ने शिलान्यास के 20 दिन बाद भी रोड कटिंग का कार्य शुरू नहीं किया है। जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।
.
दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत प्रस्तावित 5 किमी तच्छाली-स्यालिंगा.पुलिंडा मोटर मार्ग के रोड कटिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस बीच ठेकेदार की जेसीबी और अन्य मशीन में दिक्कत आ गई थी, जिससे काम प्रभावित रहा। फिर से सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। एक साल की निर्धारित समय सीमा के भीतर रोड कटिंग का कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
-कंचन मुयाल, एई लोनिवि दुगड्डा।