दुगड्डा (कोटद्वार)। दुगड्डा से ढौंटियाल के बीच स्टेट हाईवे-9 की कुछ दिनों में तस्वीर बदली नजर आएगी। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग पर डामरीकरण का कार्य शुरू कराया है।
लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र से यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे-9 पर दुगड्डा से ढौंटियाल के बीच करीब 22.5 किमी मार्ग बदहाल था। कई जगह सड़क उखड़ने से आवागमन में परेशानी होने के साथ ही दुर्घटना का भी डर बना रहता था। शासन की ओर से इस मार्ग पर सात किमी हिस्से के डामरीकरण के लिए एक करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। वर्तमान में सड़क को गड्ढा मुक्त करने का काम जारी है।
वहीं, सड़क के छाया वाले हिस्से में नमी होने के कारण क्षेत्र में सड़क जल्दी क्षतिग्रस्त हो रही थी। इस बार लोनिवि की ओर से ग्रीष्मकाल में ही डामरीकरण काम शुरू कराया गया है। बताया जा रहा है कि इस बार डामरीकरण कार्य काफी समय तक टिकाऊ रहेगा। लोनिवि के अपर सहायक अभियंता कपिल चौहान ने बताया कि सड़क के सात किमी हिस्से में सड़क में पीसी का कार्य शुरू किया गया है। संबंधित ठेकेदार को मानक के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निगरानी के लिए मेठ की तैनाती की गई है।