दुगड्डा-डाडामंडी मोटर मार्ग पर आमडाली के पास सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि एक को गंभीर हालत में राजकीय बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेलमेट नहीं पहने होने के कारण दोनों के सिर पर चोट लगने से वे करीब आधा घंटा सड़क पर तड़फते रहे, लेकिन किसी ने उन्हें अस्पताल नहीं पहुंचाया। एक मैक्स वाहन चालक गोपाल जखवाल ने घायलों को अपनेे वाहन में बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया, जहां डाक्करों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
द्वारीखाल ब्लाक के बौंठा गांव निवासी घायल अनूप सिंह (20) पुत्र राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपने गांव के दोस्त अजय सिंह (23) पुत्र भोपाल सिंह के साथ बाइक में लैंसडौन गया था। वह लैंसडौन से डाडामंडी लौट रहा था, तभी दुगड्डा से हनुमंती के बीच आमडाली के पास सड़क पर पड़े गड्ढे से बचने के चक्कर में बाइक स्लिप हो गई और वे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वे दोनों काफी देर तक सड़क पर तड़फते रहे। वहां से गुजरने वाले वाहन नहीं रुके। समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसके दोस्त की मौत नहीं होती।