ऊर्जा निगम में तैनात उपनल कर्मियों को हटाए जाने के विरोध में संविदा कर्मियों ने बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी है। उपनल कर्मियों की बहाली के लिए शुक्रवार को पौड़ी और सतपुली कार्यालयों में तैनात संविदा कर्मियों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान तोड़फोड़ की आशंका कार्यालय में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पौड़ी और सतपुली कार्यालय के दर्जनों संविदा कर्मी सर्किट हाउस स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे। कर्मचारी सुबह से ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि सरकार की उपनल कर्मियों को नहीं हटाए जाने की घोषणा के बाद भी विभाग की ओर से उपनल के माध्यम से तैनात कर्मियों को हटा दिया गया।
विभाग की ओर से आंदोलनरत कर्मियों को हटाने के लिए पुलिस बल का सहारा लिया गया, जो कि दुुुुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हटाए दोनों कर्मियों को बहाल करने के बाद ही आंदोलन को समाप्त किया जाएगा।
इस दौरान आरती रावत, पूनम, पूजा, धरम सिंह, तेजपाल रावत, संतोष ध्यानी, अनिल थपलियाल, दिनेश बहुगुणा, दिनेश रावत, अजय भट्ट, जितेंद्र राणा, अनित सिंह, सुभाष जोशी आदि मौजूद थे।
अधिशासी अभियंता अनूप कुमार सैनी का कहना है कि आंदोलनरत कर्मियों की ओर से विभाग में कोई तोड़फोड़ आदि की घटना न हो, इसके लिए पुलिस को बुलाया गया। कर्मियों ने उपनल के अनुबंध संख्या-23, 24 व 25 का उल्लंघन किया है। इस आधार पर उन्हें बहाल नहीं किया जा सकता।
उपनल कर्मियों का आंदोलन जारी
उपनल कर्मचारियों का आंदोलन शुक्रवार को भी जारी रहा। स्व. एचएन बहुगुणा मूर्ति स्थल पर एकत्रित कर्मियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांग की अनदेखी कर रही है।
तय किया गया कि जल्द ही सरकार के खिलाफ जुलूस-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान हिमांशु कुुमार, अनुराग, राजेंद्र रावत, प्रकाश कुकशाल, रीना, रेखा रावत, कुसुम सोनी, विजेंद्र आदि मौजूद थे। ब्यूरो